फिरोजाबाद, 12 जून।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में गुरुवार देर शाम लखनऊ शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव की एक घटना सामने आई है। जिस समय यह घटना हुई, उस समय इस ट्रेन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत भी यात्रा कर रहे थे। गनीमत रही कि इस घटना में संघ प्रमुख और अन्य सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
घटना मक्खनपुर और फिरोजाबाद रेलवे स्टेशनों के बीच पैमेश्वर गेट के समीप हुई, जब कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ट्रेन को निशाना बनाते हुए उस पर पत्थर फेंके। ट्रेन के टुंडला स्टेशन पहुँचने पर आरपीएफ निरीक्षक अवधेश गोस्वामी ने कोच का निरीक्षण किया, जिसमें केवल बाहरी शीशा टूटने की पुष्टि हुई। किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है।
पुलिस के अनुसार, मोहन भागवत E-1 कोच में सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सात पुलिस टीमों का गठन किया गया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










