बांदा, 13 जून।
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के अतर्रा थाना परिसर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम विवाह से नाराज माता-पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की चाकू से हमला कर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार अतर्रा कस्बे की इंदिरा कॉलोनी निवासी युवती शिवानी ने मोहल्ले के ही युवक ललित वर्मा के साथ 18 मई को घर छोड़कर विवाह कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को मध्य प्रदेश के सतना जिले से बरामद किया था।
पुलिस दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत मेडिकल परीक्षण और बयान दर्ज कराने की तैयारी कर रही थी, तभी दोनों पक्षों के परिजन थाने पहुंच गए। इसी दौरान परिजनों ने युवती को समझाने और दबाव बनाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपने फैसले पर अडिग रही।
इसके बाद स्थिति अचानक बेकाबू हो गई और मां ने बेटी को पकड़ लिया, जबकि पिता ने चाकू से उस पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवती थाने परिसर में ही गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने तत्काल घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद दोनों आरोपित माता-पिता को हिरासत में ले लिया गया है और उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।













