नोएडा, 13 जून।
नोएडा में शेयर बाजार में निवेश कर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 17 लाख 30 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है, जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सेक्टर-49 बरौला गांव स्थित हनुमान विहार निवासी 27 वर्षीय राकेश कुमार ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताकर उसे शेयर बाजार में कम समय में अधिक लाभ का भरोसा दिलाया।
आरोपियों ने उसे अलग-अलग तरीकों से निवेश के लिए प्रेरित किया और विश्वास में लेकर विभिन्न चरणों में कुल 17.30 लाख रुपये निवेश करवा लिए। शुरुआत में उसे लाभ दिखाकर भरोसा बढ़ाया गया, लेकिन बाद में जब उसने अपनी राशि निकालने की कोशिश की तो टालमटोल शुरू कर दी गई।
पीड़ित ने बाद में अपने साथ हुई ठगी का अहसास होने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन की जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।













