भोपाल, 13 जून।
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हायर सेकंडरी द्वितीय अवसर परीक्षा वर्ष 2026 का परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया गया, जिसमें छात्राओं ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए छात्रों से अधिक सफलता प्रतिशत हासिल किया है।
जारी परिणाम के अनुसार नियमित वर्ग में छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 62.31 रहा, जबकि छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 57.36 दर्ज किया गया है। परीक्षा परिणाम मंडल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है, जहां विद्यार्थी अपना परिणाम देख सकते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष पहली बार पूरक परीक्षा के स्थान पर द्वितीय अवसर परीक्षा की व्यवस्था लागू की गई, जिससे विद्यार्थियों को अपने प्रदर्शन में सुधार का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परीक्षा का उद्देश्य उन विद्यार्थियों को दूसरा अवसर देना था जो किसी कारणवश मुख्य परीक्षा में अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं कर सके या शामिल नहीं हो पाए। इससे विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक भविष्य को सुधारने का अवसर मिला है।
आंकड़ों के अनुसार कुल 1 लाख 42 हजार 468 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 1 लाख 42 हजार 467 परीक्षा में शामिल हुए और इनमें से 84 हजार 871 विद्यार्थी सफल घोषित किए गए।
स्वाध्यायी वर्ग में भी परिणाम घोषित किया गया है। इस श्रेणी में 33 हजार 334 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 33 हजार 315 ने परीक्षा दी और 14 हजार 24 विद्यार्थी सफल रहे। इस वर्ग का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 42.10 रहा।
स्वाध्यायी छात्राओं का प्रदर्शन 44.7 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 40.53 दर्ज किया गया है। परिणाम से शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों को मिले अतिरिक्त अवसर का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है।













