नोएडा, 25 मई।
नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में किन्नर की हत्या के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि किन्नर की बेवफाई के कारण उसके प्रेमी ने ही उसकी हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार पाठक ने सोमवार को जानकारी दी कि तुगलपुर गांव में रहने वाली एक महिला ने रविवार रात पुलिस को सूचना दी थी कि उसके मकान में रहने वाले किन्नर की हत्या कर दी गई है।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम की जांच में मृतक की पहचान मनोरंजन शर्मा उर्फ चांदनी के रूप में हुई। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि चांदनी के साथ मानव उर्फ अभिषेक नाम का युवक रहता था और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।
जांच में यह भी सामने आया कि चांदनी के किसी अन्य व्यक्ति से भी संबंध थे, जिससे अभिषेक और उसके बीच कई बार विवाद हो चुका था। घटना वाले दिन अभिषेक शराब के नशे में घर पहुंचा और उसने चांदनी के साथ मारपीट की।
इस दौरान उसने चांदनी का सिर दीवार से टकरा दिया, जिससे उसे गंभीर चोट आई और अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।















