फिरोजाबाद, 12 जून।
जनपद की थाना उत्तर पुलिस को शुक्रवार के दिन एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने एक सघन मुठभेड़ के बाद दो शातिर मोबाइल चोरों को दबोच लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) रवि शंकर प्रसाद के अनुसार, क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारी अंजीश कुमार को सूचना मिली थी कि वांछित आरोपी जलेसर रोड स्थित शनिदेव मंदिर के पास किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में रघु उर्फ राघव नामक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी राजा को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से पुलिस ने अवैध तमंचा, कारतूस, तीन लूटे हुए मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।










