बागपत, 12 जून।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में सोशल मीडिया पर भड़काऊ और आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। हाल ही में बड़ौत में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के बाद सोशल मीडिया पर बढ़ रही उत्तेजक गतिविधियों को देखते हुए, बागपत पुलिस ने ऐसे तत्वों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों पर धारा 151 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई की जाएगी, जिसके तहत 14 दिन तक की न्यायिक हिरासत का प्रावधान है।
प्रशासन ने इस निगरानी के लिए साइबर थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित की है। यह टीम फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर रख रही है। एसपी सूरज कुमार राय ने स्पष्ट किया है कि अफवाहें फैलाने या शांति भंग करने वाली पोस्ट डालने वालों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से कानूनी शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी साझा करने से बचें।













