जैसलमेर, 25 मई।
पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर जिले में प्राकृतिक गैस का नया भंडार मिलने से ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दर्ज हुई है। डांडेवाला क्षेत्र में ऑयल इंडिया लिमिटेड ने करीब 950 मीटर गहराई पर स्थित ‘सानू फॉर्मेशन’ से पहली बार प्राकृतिक गैस का सफल प्रवाह हासिल किया है।
इस सफलता की जानकारी केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए इसे देश के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
परीक्षण के दौरान इस क्षेत्र से प्रतिदिन लगभग 25 हजार स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर प्राकृतिक गैस उत्पादन दर्ज किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार यह गैस उच्च गुणवत्ता वाली है और इसमें कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा बहुत कम होने से इसे स्वच्छ ईंधन के रूप में देखा जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के भीतर प्राकृतिक गैस का नया स्रोत मिलने से आयात पर निर्भरता घटेगी और भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इस खोज के लिए ऑयल इंडिया लिमिटेड की वैज्ञानिक और तकनीकी टीम की सराहना भी की।
उन्होंने यह भी कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने वाली है और इससे स्वच्छ ऊर्जा के विकल्पों में वृद्धि होगी, जिसका लाभ उद्योगों और घरेलू उपयोग दोनों को मिलेगा।
डांडेवाला फील्ड में अब तक गहरे कुओं से गैस उत्पादन होता रहा है, लेकिन यह पहली बार है जब अपेक्षाकृत कम गहराई पर स्थित ‘सानू फॉर्मेशन’ से सफल गैस प्रवाह प्राप्त हुआ है।
वैज्ञानिकों के अनुसार सानू फॉर्मेशन बलुआ पत्थर और गाद से बनी ऐसी भूगर्भीय संरचना है जो प्राकृतिक गैस को सुरक्षित रखने में सक्षम होती है। करीब 950 मीटर की गहराई पर मिली यह खोज डांडेवाला क्षेत्र की अब तक की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में मानी जा रही है।






.jpg)







