आगरा, 25 मई।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो अपनी भारत यात्रा के तहत सोमवार को विशेष विमान से आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी पत्नी जेनेट रूबियो के साथ विश्वविख्यात ताजमहल का दीदार किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह खेरिया वायुसेना हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां से उनका काफिला सीधे शिल्पग्राम की ओर रवाना हुआ। यहां से वह गोल्फ कार्ट के जरिए ताजमहल के पूर्वी द्वार तक पहुंचे और फिर पैदल परिसर में प्रवेश किया। इस दौरान उनके साथ प्रतिनिधिमंडल के कुछ सदस्य भी मौजूद रहे।
ताजमहल की भव्यता और सौंदर्य से प्रभावित होकर मार्को रूबियो और उनकी पत्नी ने डायना बेंच पर बैठकर इन यादगार क्षणों को कैमरे में कैद किया। इस दौरान गाइड नितिन गुप्ता ने उन्हें ताजमहल के इतिहास, निर्माण और इसकी स्थापत्य कला के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
भ्रमण के बाद वह शहर के एक पांच सितारा होटल में कुछ समय के विश्राम और भोजन के लिए रवाना हो गए। इसके बाद उनके जयपुर जाने का कार्यक्रम निर्धारित है, जहां से वह दोपहर बाद खेरिया हवाई अड्डे से उड़ान भरेंगे।
उनकी यात्रा के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अमेरिकी सुरक्षा दल के साथ स्थानीय पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा, जबकि खुफिया एजेंसियां भी लगातार निगरानी बनाए रहीं। हवाई अड्डे से लेकर ताजमहल और होटल तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई।











.jpg)

