श्रीनगर, 25 मई।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने आतंकी फंडिंग से जुड़े एक मामले की जांच के तहत सोमवार को कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की। यह कार्रवाई आतंकी नेटवर्क, ओवरग्राउंड वर्कर्स और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में की गई है।
जानकारी के अनुसार, श्रीनगर सहित घाटी के विभिन्न जिलों में एनआईए की टीमों ने संबंधित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की सहायता भी ली गई।
सूत्रों के मुताबिक, शोपियां जिले के इमाम साहिब क्षेत्र में स्थित सिराज-उल-उलूम समेत कई स्थानों पर भी छापे मारे गए हैं। यह परिसर प्रतिबंधित संगठन से जुड़े होने की बात सामने आई है। इसके अलावा श्रीनगर में भी अलग-अलग ठिकानों पर जांच की गई।
एनआईए की टीमें लगातार संबंधित स्थानों पर दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच में जुटी हुई हैं, जबकि पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।










.jpg)

