नई दिल्ली, 25 मई।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार चौथी बार हुई बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए इसे जनता की जेब पर सीधा प्रहार बताया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा कि महंगाई एक बार फिर लोगों पर वार कर रही है और पेट्रोल-डीजल के दाम धीरे-धीरे बढ़ाकर जनता से चुपचाप पैसा वसूला जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि महीनों से आर्थिक संकट की चेतावनी दी जा रही थी, लेकिन प्रधानमंत्री चुनावी गतिविधियों में व्यस्त रहे और चुनाव खत्म होते ही ईंधन की कीमतों में करीब आठ रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई।
उन्होंने आगे दावा किया कि यह बढ़ोतरी आगे भी जारी रहने की आशंका है और सरकार की नीति चुनाव के समय वादे करने और बाद में जनता पर आर्थिक बोझ डालने की है।
बीते एक माह में पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों में लगातार चार बार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 25 मई को दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया। इससे पहले 23 मई को पेट्रोल में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे की वृद्धि हुई थी, जबकि 18 मई को दोनों ईंधनों में लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी और सीएनजी में एक रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई थी।
इसके पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी और उसी दिन सीएनजी भी महंगी की गई थी। वहीं 01 मई को वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर के दाम में 993 रुपये की वृद्धि के बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3,071.50 रुपये तक पहुंच गई थी।











.jpg)

