कानपुर, 25 मई।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र के विराट नगर में बाइक टकराने को लेकर हुए विवाद में पिता और पुत्र की हत्या के मामले में मुख्य आरोपित समेत तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार सुबह पुलिस और आरोपितों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मुख्य आरोपित करन वर्मा के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, चकेरी थाना क्षेत्र की कांशीराम कॉलोनी निवासी शिवनारायण तिवारी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ देर रात काम से लौट रहे थे। तीनों किदवई नगर स्थित कनक मार्बल शॉप में कार्यरत थे। यशोदा नगर इलाके में बाइक टकराने के बाद विवाद बढ़ गया, जिसके बाद गाली-गलौज और मारपीट के साथ चाकू और ईंट से हमला किया गया।
इस हमले में शिवनारायण तिवारी और उनके बेटे शिवम की मौत हो गई, जबकि सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपित शिवा वर्मा को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था, जबकि अन्य दो फरार हो गए थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित करन वर्मा अपने साथियों के साथ बंबा क्षेत्र स्थित स्कोमिया अकादमी के पास खाली प्लॉट में छिपा हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिसके बाद आरोपितों ने भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में करन वर्मा घायल हो गया, जबकि अन्य दोनों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामूली सड़क विवाद ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। मामले में सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपितों की तलाश में लगातार दबिश जारी है।












.jpg)

