बांदा, 25 मई।
बांदा रेलवे स्टेशन से दो वर्षीय मासूम के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज पांच घंटे के भीतर बरामद कर लिया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
घटना रविवार शाम की बताई गई है, जब आरती नाम की महिला अपने दो बच्चों शिवांश और आरोही के साथ मुंबई जाने के लिए स्टेशन पहुंची थी। भीड़भाड़ के दौरान अचानक उसका दो वर्षीय पुत्र शिवांश लापता हो गया, जिसके बाद परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन सफलता नहीं मिली और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर, कोतवाली देहात, एसओजी और आरपीएफ की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान एक युवक बच्चे को अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दिया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपित की गतिविधियों को ट्रैक करना शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपित बच्चे को लेकर तिंदवारी रोड की ओर गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने महोखर चौराहे के पास घेराबंदी कर दी। इसी दौरान पुलिस को देखकर आरोपित ने बच्चे को नहर में फेंक दिया और भागने की कोशिश की, लेकिन उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिसकर्मियों ने तत्काल नहर से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे मासूम पूरी तरह सुरक्षित बच गया और परिजनों ने राहत की सांस ली। बाद में बच्चे को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपित की पहचान तिंदवारी निवासी किशन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में उसके नशे की हालत में होने की बात सामने आई है और आशंका है कि वह बच्चे को गलत इरादे से ले गया था।
फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।












.jpg)

