रांची, 25 मई।
राजधानी के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में एक बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों द्वारा बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घर में घुसे चोरों ने नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। यह मामला सोमवार को उस समय सामने आया जब घर का मालिक वापस अपने आवास पर लौटा।
जानकारी के अनुसार पीड़ित मनोज कुमार गुप्ता चतरा सिविल कोर्ट में कार्यरत हैं। उन्होंने सुखदेवनगर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि घटना के समय वे चतरा में थे, जबकि उनकी पत्नी बच्चों के साथ अपने मायके गई हुई थीं, इसी बीच उनके बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।
घर लौटने पर उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर का पूरा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने गोदरेज, अटैची, पूजा की अलमारी और दीवान का लॉकर तोड़कर पूरे घर की तलाशी ली और सामान खंगाल लिया।
पीड़ित के अनुसार घर से करीब 16 से 18 हजार रुपये नकद, सोने का कान का सेट, चांदी का गले का सेट, तीन जोड़ी बिछिया, महंगी साड़ियां, अन्य कपड़े तथा एक इंडक्शन चूल्हा चोरी हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है, जबकि पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।







.jpg)







