भोपाल, 26 मई ।
अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने औपचारिक रूप से शुरू कर दी है और पूरे प्रकरण में फोरेंसिक जांच सहित कई महत्वपूर्ण पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
जानकारी के अनुसार इस मामले में भोपाल जिला न्यायालय में कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज को सुरक्षित रखने को लेकर दायर आवेदनों पर आज सुनवाई होगी। इस दौरान यह भी सामने आया है कि भोपाल पुलिस की ओर से अब तक कोई प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है, क्योंकि जांच को केंद्रीय एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने पहले दर्ज प्राथमिकी को पुनः दर्ज कर मृतका के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मृत्यु से संबंधित धाराओं में जांच आगे बढ़ा दी है। इसी क्रम में जांच टीम ने सोमवार को गिरिबाला सिंह के आवास पर पहुंचकर पूछताछ भी की।
परिजनों की ओर से अदालत में कॉल डिटेल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के लिए आवेदन दिया गया है, वहीं आरोपी पक्ष ने भी सीसीटीवी फुटेज को संरक्षित करने की मांग की है। दोनों पक्षों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की सुरक्षा को लेकर विशेष आग्रह किया गया है।
इसी बीच, मृतका द्वारा कथित रूप से जिस बेल्ट के माध्यम से फांसी लगाए जाने की बात सामने आई है, उसे फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है और उसकी वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया जारी है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जांच में यह भी सामने आया है कि परिजनों की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग के आरोप लगाए गए थे, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है। वहीं जांच एजेंसी ने घटनास्थल का पुनः निरीक्षण कर आरोपियों से पूछताछ की है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना की सूचना पुलिस को देर से क्यों दी गई, जिसके लिए संबंधित चिकित्सकों और अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी।









