नई दिल्ली, 26 मई।
केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन द्वारा वैश्विक और घरेलू निवेशकों तथा उद्योग जगत के लिए एक समर्पित निवेशक सहायता ऑनलाइन पोर्टल का शुभारंभ किया गया है, जिसका उद्देश्य सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को मजबूत करना है।
मंत्रालय के अनुसार देश में मजबूत, भरोसेमंद और दीर्घकालिक सेमीकंडक्टर ढांचा विकसित करने के लक्ष्य के तहत यह डिजिटल पहल की गई है, जिसके माध्यम से निवेशकों को एकीकृत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
यह नया पोर्टल अब आईएसएम डॉट जीओवी डॉट इन स्लैशइन्वेस्टमेंट पर सक्रिय कर दिया गया है, जहां निवेशकों की सुविधा और निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने पर विशेष फोकस किया गया है।
इस मंच के जरिए निवेशकों को सरकारी योजनाओं, नीतियों, स्वीकृत परियोजनाओं और नियामकीय प्रक्रियाओं से जुड़ी सभी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ेंगी।
इसके साथ ही निवेशक अपनी शिकायतें और समस्याएं भी इस पोर्टल पर दर्ज करा सकेंगे, जिसे समयबद्ध समाधान के लिए एक सुरक्षित और एकल डिजिटल प्रणाली के तहत निपटाया जाएगा।
इस अवसर पर आईएसएम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमितेश कुमार सिन्हा ने विदेशी निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने पर बल देते हुए कहा कि सभी संबंधित विभागों को निवेशकों की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने बताया कि यह पोर्टल विभिन्न मंत्रालयों, राज्य सरकारों, परियोजना कंपनियों और अंतरराष्ट्रीय निकायों के नोडल अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित करेगा तथा कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया को भी स्पष्ट करेगा।
उल्लेखनीय है कि सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम के तहत अब तक 12 फैब और पैकेजिंग परियोजनाओं के साथ 24 सेमीकंडक्टर डिजाइन परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की जा चुकी है।















