रायपुर, 26 मई।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम और पदाधिकारियों की पहचान का दुरुपयोग कर रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा से 10 हजार रुपये की साइबर ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार ठगों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन के फर्जी निजी सहायक और ड्राइवर बनकर विधायक से संपर्क किया और खुद को उन्हीं का सहयोगी बताते हुए विश्वास में लिया। इसके बाद पैसों की आवश्यकता का हवाला देकर 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए गए। मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि साइबर सेल तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने विधायक को फोन कर स्वयं को नितिन नवीन का पीए बताया और उड़िया भाषा में बातचीत कर भरोसा कायम किया। बहाने के तौर पर वाहन में डीजल भरवाने के लिए तत्काल राशि की मांग की गई, जिसके बाद विधायक के करीबी नारायण मिश्रा ने दो बार में कुल 10 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसमें पहले 4500 रुपये और फिर 5500 रुपये भेजे गए।
बाद में आरोपी ने फिर से पैसे मांगे, जिससे संदेह उत्पन्न हुआ और क्रॉस वेरिफिकेशन के दौरान स्पष्ट हुआ कि ऐसा कोई फोन आधिकारिक स्टाफ की ओर से नहीं किया गया था। पुष्टि होने पर मामला फर्जीवाड़ा पाया गया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। फिलहाल पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खातों और लेनदेन विवरण के आधार पर जांच कर रही है।














