गुवाहाटी, 26 मई।
मानसून के आगमन और बदलते मौसम के दृष्टिगत असम के प्रमुख पर्यटन स्थलों को पर्यटकों के लिए बंद करने की घोषणा कर दी गई है। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान एवं टाइगर रिजर्व का चालू पर्यटन सत्र 28 मई को संपन्न होगा, जिसके पश्चात 29 मई से यह उद्यान पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
इसी क्रम में, पबितोरा वन्यजीव अभयारण्य को भी आज से पर्यटकों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। वन प्रशासन के अनुसार, मानसून के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षित क्षेत्रों में प्राकृतिक परिस्थितियों के प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाती है। बरसात के मौसम में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिसे देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस पर्यटन सत्र के दौरान दोनों ही संरक्षित क्षेत्रों में देशी और विदेशी पर्यटकों की भारी संख्या दर्ज की गई है। मानसून का मौसम समाप्त होने के उपरांत, सड़कों की स्थिति और मौसम की अनुकूलता का आकलन करने के बाद इन उद्यानों को पुनः पर्यटकों के लिए खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।















