रक्षा व सुरक्षा
27 May, 2026

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल से जुड़े चार आतंकी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश एटीएस और एसटीएफ ने शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल नेटवर्क से जुड़े चार आतंकियों को गिरफ्तार कर संवेदनशील स्थानों की रेकी और आतंकी साजिश का खुलासा किया है।

लखनऊ, 27 मई ।

उत्तर प्रदेश में आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के स्लीपर सेल नेटवर्क से जुड़े चार संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के सोशल मीडिया और वीडियो कॉलिंग के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से संपर्क में रहने की बात सामने आई है।

अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क युवाओं को प्रलोभन देकर जोड़ने, संवेदनशील स्थानों की रेकी करने और आतंकी गतिविधियों की साजिश रचने में सक्रिय था। जांच में यह भी पता चला है कि यह गिरोह सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने की योजना के तहत काम कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, एटीएस और एसटीएफ को लंबे समय से इनपुट मिल रहे थे कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के निर्देश पर शहजाद भट्टी और आबिद जट्ट का नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए भारत में स्लीपर सेल तैयार करने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद प्रदेश में लगभग 200 संदिग्धों की निगरानी की गई, जिसमें महत्वपूर्ण सुराग मिले।

इस आधार पर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और उत्तराखंड से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें महकाब, शाहरुख, गगनदीप उर्फ गुरी सिंह और मुशर्रफ शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि ये सभी इंस्टाग्राम के माध्यम से इस नेटवर्क से जुड़े थे।

जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों को एक अस्पताल, एक राजनीतिक दल के कार्यालय और एक व्यक्ति से जुड़े प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के लिए रेकी करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही हथियारों की व्यवस्था और नई भर्ती के लिए युवाओं को जोड़ने का दबाव भी बनाया जा रहा था।

अधिकारियों के अनुसार, मार्च महीने में नोएडा में इन आरोपियों की एक बैठक भी हुई थी, जिसमें धन और हथियारों की व्यवस्था पर चर्चा की गई थी। इस पूरे नेटवर्क के खिलाफ एटीएस ने तीन मुकदमे दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और अन्य जुड़े लोगों की तलाश जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़