पश्चिम बंगाल
27 May, 2026

तृणमूल विधायक दिलीप मंडल पुरी होटल से गिरफ्तार, एसटीएफ-डायमंड हार्बर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

तृणमूल विधायक दिलीप मंडल की पुरी होटल से गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों ने मामले से जुड़े वायरल वीडियो, धमकी आरोपों और पूर्व में हुई गिरफ्तारी कार्रवाइयों की कड़ियों को जोड़ते हुए विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

कोलकाता, 27 मई।

पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स और डायमंड हार्बर पुलिस की संयुक्त टीम ने दक्षिण 24 परगना के विष्णुपुर क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के विधायक दिलीप मंडल को ओडिशा के पुरी स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें कोलकाता लाया जाएगा।

हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो को लेकर विधायक दिलीप मंडल पर विपक्षी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धमकी देने के आरोप सामने आए थे, हालांकि इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। इसी मामले में उनके खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के क्रम में 14 मई को पुलिस ने उनके पैलान स्थित आवास पर छापेमारी भी की थी, लेकिन उस समय वे वहां मौजूद नहीं थे। बाद में एसटीएफ को दो दिन पहले सूचना मिली कि दिलीप मंडल पुरी के ‘ब्लू लिली’ होटल में ठहरे हुए हैं, जिसके आधार पर टीम ने वहां दबिश दी और रजिस्टर की जांच के बाद कमरे में पहुंचकर उन्हें हिरासत में ले लिया।

इस प्रकरण में पहले ही विधायक के पुत्र अर्घ्य मंडल को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन पर क्षेत्र में अशांति फैलाने के आरोप हैं। गिरफ्तारी के दौरान उनके पास से अवैध आग्नेयास्त्र बरामद होने का भी दावा किया गया था। इसके अलावा इस मामले में चार अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो चुकी है।

शिकायत दर्ज होने के बाद दिलीप मंडल ने कलकत्ता उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर अपने खिलाफ दर्ज विभिन्न प्राथमिकी रद्द करने और गिरफ्तारी से सुरक्षा की मांग की थी, जो वर्तमान में विचाराधीन है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़