तेहरान, 26 मई ।
पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव एक बार फिर गहरा गया है, जहां ईरान ने अमेरिकी ड्रोन और लड़ाकू विमान को मार गिराने का दावा किया है, जबकि दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई तेज हो गई है।
ईरान के अनुसार उसकी सेना ने अमेरिकी एमक्यू-9 ड्रोन को निशाना बनाकर गिरा दिया, साथ ही ईरानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने वाले एक लड़ाकू विमान पर भी कार्रवाई की गई है। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया है कि एक आरक्यू-4 ड्रोन और एक एफ-35 लड़ाकू विमान को भी निशाना बनाया गया है।
सैन्य बलों ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि यदि संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया तो ईरान जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है। वहीं ईरान के सर्वोच्च नेता ने बयान में कहा कि पश्चिम एशिया के देश अब अमेरिकी सैन्य ठिकानों के लिए सुरक्षा कवच नहीं रहेंगे और क्षेत्र में अमेरिका के लिए कोई सुरक्षित स्थान नहीं बचेगा।
इसी बीच अमेरिका की ओर से दक्षिणी ईरान में कई सैन्य ठिकानों पर रातभर हमले किए जाने की जानकारी सामने आई है। अमेरिकी सेना के अनुसार समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाने का प्रयास कर रही नौकाओं को भी निशाना बनाया गया, साथ ही मिसाइल प्रक्षेपण स्थलों पर भी कार्रवाई की गई है।
दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य टकराव के चलते क्षेत्र में तनाव और अधिक बढ़ गया है तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थिति को लेकर चिंता जताई जा रही है।














