काठमांडू, 26 मई।
नेपाल में यूरोपीय संघ (ईयू) के सदस्य देशों के राजदूतों और उप मिशन प्रमुखों सहित 23 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल दो दिवसीय दौरे पर काठमांडू पहुंचा है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक सुदृढ़ करना बताया जा रहा है।
यूरोपीय संघ की आवासीय राजदूत वेरोनिक लोरेंजो के नेतृत्व में यह प्रतिनिधिमंडल 26 मई से नेपाल में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो रहा है। ईयू की ओर से इस यात्रा को नई सरकार से औपचारिक भेंट और नेपाल–ईयू साझेदारी को पुनः पुष्ट करने का अवसर बताया गया है।
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल की प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, संस्कृति, पर्यटन तथा नागरिक उड्डयन मंत्री खडग राज पौडेल और शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सस्मित पोखरेल से बातचीत निर्धारित है।
प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के साथ यह मुलाकात अप्रैल 8 को काठमांडू में हुए विभिन्न देशों के आवासीय राजदूतों के सामूहिक सम्मेलन के बाद दूसरी औपचारिक बैठक मानी जा रही है।
राजदूत वेरोनिक लोरेंजो ने कहा कि यह मिशन नेपाल के प्रति यूरोपीय संघ की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और इसका उद्देश्य नई सरकार को बधाई देना, विकास प्राथमिकताओं पर समर्थन दोहराना तथा व्यापार, निवेश, जलवायु कार्रवाई और बहुपक्षीय सहयोग जैसे क्षेत्रों में नए अवसर तलाशना है। नेपाल स्थित यूरोपीय संघ प्रतिनिधि ने भी इसे नेपाल के सबसे विश्वसनीय अंतरराष्ट्रीय साझेदारों में से एक के रूप में रेखांकित किया है।
इस प्रतिनिधिमंडल में ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, बुल्गारिया, साइप्रस, चेक गणराज्य, डेनमार्क, एस्टोनिया, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, इटली, लिथुआनिया, लक्ज़मबर्ग, नीदरलैंड्स, पोलैंड, पुर्तगाल, रोमानिया, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया, स्पेन और स्वीडन के राजदूत एवं उप राजदूत शामिल हैं।














