जयपुर, 25 मई।
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार दोपहर जयपुर पहुंचे, जहां वे अपनी पत्नी जेनेट डी. रूबियो और अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ आमेर महल पहुंचे। आगरा से करीब पौने दो बजे जयपुर एयरपोर्ट आगमन के बाद वे सीधे आमेर के लिए रवाना हुए।
आमेर महल के जलेब चौक में उनका पारंपरिक राजस्थानी शैली में स्वागत किया गया। इस दौरान लोक कलाकारों ने घूमर, कालबेलिया और कच्छी घोड़ी नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। गाइड ने उन्हें शीश महल, गणेश पोल, दीवाने आम, दीवाने खास, सुख निवास और मावठा झील की ऐतिहासिक जानकारी दी।
दौरे के कार्यक्रम के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री आमेर के बाद हाथी गांव और सिटी पैलेस का भी भ्रमण करेंगे। इसके बाद वे जयपुर के हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस में रात्रि विश्राम करेंगे।
इस उच्च स्तरीय दौरे को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। रूबियो एक दिन के प्रवास के बाद मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।







.jpg)





