धार, 25 मई।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को अपने धार प्रवास के दौरान ऐतिहासिक भोजशाला पहुंचे, जहां उन्होंने मां वाग्देवी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि व कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री दोपहर लगभग डेढ़ बजे भोजशाला परिसर पहुंचे, जहां उन्होंने मां वाग्देवी की आराधना कर इसे सनातन संस्कृति के गौरव और आत्मसम्मान का प्रतीक बताया तथा कहा कि मां का आशीर्वाद सदैव मध्य प्रदेश पर बना रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुबह से ही भोजशाला सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया गया था और पूरे परिसर में पुलिस बल की तैनाती के साथ प्रवेश व्यवस्था को नियंत्रित किया गया, वहीं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।

भोजशाला कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मोतीबाग चौक पहुंचेंगे, जहां जनसभा के दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा तथा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरण भी किया जाएगा, इसके साथ ही उनका कार्यक्रम देवी सागर तालाब में भी निर्धारित है जहां वे ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ और ‘गंगा दशहरा’ के तहत श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश देंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे के चलते धार शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें कई मार्गों पर भारी और मध्यम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है तथा प्रशासन ने नागरिकों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।








.jpg)







