राजगढ़, 11 सितम्बर।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार ने शुक्रवार को ब्यावरा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति के साथ उनकी गुणवत्ता की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी काम तय समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
मंत्री पंवार ने ब्यावरा में निर्माणाधीन नवीन जनपद पंचायत कार्यालय भवन और नवीन रेस्ट हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण की मौजूदा स्थिति, कार्य की गति और गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ निर्धारित अवधि में काम पूरा करना जरूरी है।
इसके बाद राज्यमंत्री घुरेल पहाड़ी स्थित प्रसिद्ध भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने यहां तीर्थ यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए जा रहे सामुदायिक भवन का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण की प्रगति देखी और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं के अनुरूप जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
मंत्री पंवार ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य विकास कार्यों को गति देने के साथ आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सरकार की प्राथमिकता है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों को सुविधाओं के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
राज्यमंत्री ने सुठालिया स्थित कार्यालय में आम लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी मंत्री को दी। इस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा की और समस्याओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण और जनसुनवाई के दौरान मंडल अध्यक्ष श्याम सिंह चौहान, कार्यपालन यंत्री बसंत कुमार, इंजीनियर कार्तिक राजपूत, जय चौहान सहित संबंधित ठेकेदार मौजूद रहे।















