रांची, 25 मई।
राजधानी के चुटिया थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक होमगार्ड जवान के साथ लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसमें ड्यूटी से लौट रहे जवान से अपराधियों ने चाकू की नोंक पर स्कूटी छीन ली। यह घटना रेलवे कॉलोनी टीओपी के पास हुई, जिसके बाद इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित होमगार्ड जवान गणेश राम सुबह अपनी ड्यूटी पूरी कर घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और चाकू दिखाकर धमकाते हुए उनकी स्कूटी लूट ली। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
लूट की वारदात के दौरान अपराधियों ने जवान की वर्दी और टोपी भी उतारकर रास्ते में फेंक दी और वहां से भाग निकले। घटना से घबराए जवान ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी गई।
चुटिया थाना पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।







.jpg)






