काठमांडू, 26 मई।
नेपाल में एक बार फिर अमेरिकी उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के दौरे की तैयारी तेज हो गई है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय में सार्वजनिक कूटनीति मामलों की उप विदेशमंत्री सारा बी रोजर्स तीन दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर शनिवार को काठमांडू पहुंचेंगी।
बताया जा रहा है कि बालेन्द्र शाह के नेतृत्व में सरकार गठन के बाद सारा रोजर्स अब तक नेपाल आने वाली सबसे वरिष्ठ अमेरिकी कूटनीतिज्ञ होंगी। सरकार बनने के बाद से ही लगातार अमेरिकी उच्च अधिकारियों के दौरे जारी हैं, जिससे कूटनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।
इससे पहले 20 अप्रैल को दक्षिण और मध्य एशिया मामलों से जुड़े अमेरिकी सहायक विदेश मंत्री समीर पॉल कपूर नेपाल आए थे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ दल के अध्यक्ष रवि लामिछाने, विदेश मंत्री शिशिर खनाल और वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले से मुलाकात की थी।
इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दक्षिण और मध्य एशिया मामलों के विशेष दूत तथा भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी नेपाल पहुंचे थे और उन्होंने विदेश मंत्री खनाल तथा वित्त मंत्री वाग्ले के साथ बैठक की थी।
वहीं प्रधानमंत्री शाह से इन दोनों अमेरिकी अधिकारियों की मुलाकात नहीं हो सकी थी। अब सारा रोजर्स की प्रधानमंत्री शाह से भेंट होगी या नहीं, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है, हालांकि उनके विदेश मंत्री शिशिर खनाल से मिलने की जानकारी सामने आई है।














