काठमांडू, 26 मई।
चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र की सरकार का एक उच्च-स्तरीय दल आज सुबह पांच दिवसीय सद्भावना यात्रा पर नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचा। तिब्बती सरकार के उपाध्यक्ष झाओ पेंग के नेतृत्व में आया यह पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल हिमालयन एयरलाइंस की फ्लाइट एच 9775 के जरिए ल्हासा से यहां पहुंचा है।
इस दल में झाओ पेंग के साथ पाओ थिङ, थे चेन, काउ लिव, वु काङ और सिरेन याङ्जी भी शामिल हैं। चीनी दूतावास की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, अपनी इस नेपाल यात्रा के दौरान चीनी प्रतिनिधिमंडल नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले और विदेश मंत्री शिशिर खनाल समेत देश के कई शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय चर्चा करेगा।
अपनी यात्रा के अगले चरणों में, यह प्रतिनिधिमंडल नेपाल के ऐतिहासिक सांस्कृतिक महत्व वाले शहरों का भी भ्रमण करेगा। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, चीनी दल भक्तपुर और भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी का दौरा करेगा।















