नॉर्वे, 18 मई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नॉर्वे पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका भव्य स्वागत किया, जहां होटल परिसर से लेकर बाहर तक बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय मौजूद रहे और वंदे मातरम व हर-हर मोदी के नारों के बीच उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात की।
हवाई अड्डे से होटल पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी को देखने के लिए भारतीय समुदाय का उत्साह देखते ही बन रहा था, जहां लोग तिरंगा और पोस्टर लेकर जुटे थे और प्रधानमंत्री ने भी किसी को निराश किए बिना अधिकतर लोगों से सहज अंदाज में मुलाकात की।
इस दौरान होटल परिसर में संगीतमय प्रस्तुति और नन्हीं बच्चियों द्वारा प्रस्तुत शास्त्रीय नृत्य ने विशेष आकर्षण पैदा किया, जबकि नॉर्वेजियन और भारतीय कलाकारों द्वारा वायलिन, तबला और सितार की संयुक्त प्रस्तुति ने माहौल को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी पूरी प्रस्तुति को ध्यानपूर्वक देखते रहे और अंत में कलाकारों का अभिवादन स्वीकार किया, जिससे वहां मौजूद दर्शकों में उत्साह और बढ़ गया।
यह यात्रा 43 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली नॉर्वे यात्रा है, जहां एयरपोर्ट पर नॉर्वे के प्रधानमंत्री योना गार स्टोरे ने उनका स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया संदेश में नॉर्वे पहुंचने की जानकारी देते हुए स्वागत के लिए आभार जताया और कहा कि यह यात्रा भारत-नॉर्वे संबंधों को नई ऊर्जा देगी।
आगामी कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री मोदी नॉर्वे के किंग हेराल्ड पंचम और क्वीन सोन्या से मुलाकात करेंगे, साथ ही प्रधानमंत्री स्टोरे के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। इसके अलावा वे तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।















