राजनीति
26 May, 2026

मोदी के 12 वर्ष पूरे, देश ने नए विकास युग में प्रवेश किया: साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को सेवा, सुशासन और जनकल्याण के नए युग की शुरुआत बताते हुए देश और छत्तीसगढ़ में विकास, योजनाओं और जनजीवन में आए सकारात्मक बदलावों की सराहना की।

रायपुर, 26 मई।

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘प्रधान सेवक’ के रूप में राष्ट्र सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित 12 वर्षों के सफल कार्यकाल पर हार्दिक बधाई और अभिनंदन प्रकट किया है तथा कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी और निर्णायक नेतृत्व में देश ने सेवा, सुरक्षा, आत्मविश्वास और विकास के एक नए युग में प्रवेश किया है।

मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने शासन की सोच और कार्यशैली को पूरी तरह बदलते हुए सेवा, सुशासन और अंत्योदय की भावना को प्राथमिकता दी है तथा यह सुनिश्चित किया है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और गरीब, किसान, महिला, युवा, वंचित तथा जनजातीय वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज आत्मविश्वास, सुरक्षा और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित कर रहा है तथा मजबूत अर्थव्यवस्था, आधुनिक अधोसंरचना, डिजिटल क्रांति, आत्मनिर्भरता, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं और विकसित भारत 2047 का संकल्प जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के संदर्भ में कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व विशेष रूप से प्रेरणादायी रहा है क्योंकि वर्षों तक नक्सल प्रभावित रहे बस्तर और वनांचल क्षेत्रों में आज विकास, विश्वास और जनकल्याण की नई धारा प्रवाहित हो रही है तथा सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, मोबाइल कनेक्टिविटी, बैंकिंग सुविधाएं और शासकीय योजनाएं दूरस्थ इलाकों तक पहुंच रही हैं जिससे लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, हर घर जल, जन धन योजना और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने गरीबों, किसानों, मातृशक्ति, युवाओं और जनजातीय समाज के जीवन में आशा, सम्मान और आत्मविश्वास का नया संचार किया है तथा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र ने शासन को अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का नेतृत्व देश को आर्थिक मजबूती के साथ-साथ सांस्कृतिक आत्मगौरव, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी की भावना से भी सशक्त कर रहा है तथा छत्तीसगढ़ सरकार उनके मार्गदर्शन में जनकल्याण और सुशासन के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री को पुनः बधाई देते हुए उनके दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

31° / 43°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़