देहरादून, 27 मई ।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगामी उत्तराखंड प्रवास को लेकर कई नए कार्यक्रम जोड़े गए हैं। इस दौरे में संगठनात्मक बैठकों के साथ-साथ संत समाज, शिक्षाविदों और युवाओं से संवाद पर विशेष फोकस रहेगा।
कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष 28 मई को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां से वे प्रदेश भाजपा कार्यालय जाएंगे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। प्रदेश कार्यालय में वे प्रदेश कोर कमेटी और मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे।
दौरे के दौरान नितिन नवीन परमार्थ निकेतन में गंगा आरती में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर वे संत समाज से संवाद करेंगे और धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर चर्चा करेंगे। इसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्यक्रम बताया जा रहा है।
29 मई को वे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूरी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और परिजनों से भेंट करेंगे। इस दिन सांसदों, विधायकों और विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें निर्धारित हैं।
प्रदेश संगठन स्तर पर भी व्यापक बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनमें प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिलाध्यक्ष शामिल होंगे। इसके अलावा महापौर, नगर निकाय प्रतिनिधि, जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुखों के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी। शाम को मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी और प्रवक्ता टीम के साथ संवाद कार्यक्रम रखा गया है।
30 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगे और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे। डाकरा बाजार क्षेत्र में बूथ समिति की बैठक भी प्रस्तावित है। अंतिम दिन शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में “विकसित भारत 2047: उच्च शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका” विषय पर प्रबुद्ध गोष्ठी में भाग लेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम में वे युवाओं से संवाद करेंगे और शाम को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होंगे।










