भोपाल, 28 मई ।
राजधानी भोपाल के रेलवे स्टेशन से दो वर्षीय बालक को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। मामले में आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
गंभीर घटना को प्राथमिकता देते हुए रेल पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। थाना प्रभारी जीआरपी भोपाल निरीक्षक जहीर खान के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने तकनीकी जांच और मैदानी पड़ताल के जरिए बच्चे की तलाश शुरू की और कम समय में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, कटनी जिले की रहने वाली सीतू यादव 26 मई को अपने पति के साथ मजदूरी की तलाश में भोपाल पहुंची थीं। पति काम की तलाश में चले गए थे, जबकि महिला अपने दो वर्षीय पुत्र के साथ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित नए भवन के मुसाफिरखाने के सामने बैठी थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति बच्चे को गोद में खिलाने के बहाने अपने साथ लेकर चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी ने मामला दर्ज कर रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। जांच में एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को गोद में लेकर स्टेशन से बाहर जाता दिखाई दिया, जो बाद में इटारसी की ओर जाने वाली ट्रेन में सवार होता नजर आया। तकनीकी विश्लेषण और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसका पीछा किया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने ट्रेन क्रमांक 12621 तमिलनाडु एक्सप्रेस के जनरल कोच से उतरते समय आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से बालक को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत जताते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।









