लखनऊ, 29 मई।
हमीरपुर जिले में बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का स्लैब ढहने से हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस घटना में श्रमिकों की मौत को अत्यंत पीड़ादायक बताते हुए उन्होंने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक श्रमिक के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि दी जाए, जबकि घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने इस घटना को हृदयविदारक और अत्यंत दुखद बताया है।
गौरतलब है कि गुरुवार देर रात प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और तूफान के बीच बेतवा नदी पर बन रहे पुल का स्लैब अचानक गिर गया था, जिसमें छह मजदूरों की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि कुछ अन्य मजदूर अभी भी मलबे में दबे हो सकते हैं, जिसके चलते राहत और बचाव कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन को एसडीआरएफ के साथ मिलकर बचाव अभियान को युद्धस्तर पर चलाने के आदेश दिए हैं। साथ ही उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा है कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता समय पर मिले।
मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की नियमित निगरानी करने और हर तीन घंटे में स्थिति की रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने मुआवजा वितरण, राहत शिविरों और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा करने को कहा है ताकि लोगों तक सही और समयबद्ध सूचना पहुंच सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से खराब मौसम में सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि तेज आंधी और बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है और विभिन्न स्थानों पर भारी नुकसान की सूचनाएं सामने आई हैं।









