सिलीगुड़ी, 06 जून।
सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी क्षेत्र अंतर्गत पाताराम जोत गांव में शुक्रवार देर रात आए प्रचंड आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। तेज हवाओं के कारण गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने से कम से कम 25 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जहाँ कई घरों की छतें पूरी तरह उड़ गई हैं या पेड़ों के गिरने से दब गई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, रात भर तेज हवाओं के चलते जगह-जगह पेड़ उखड़कर सड़कों और घरों पर गिर गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके अतिरिक्त, तूफान के कारण बिजली के 10 से अधिक खंभे धराशायी हो गए हैं, जिसके परिणामस्वरूप पूरे गांव में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है और ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
घटना की सूचना मिलने के उपरांत शनिवार सुबह से ही स्थानीय प्रशासन सक्रिय हो गया है और युद्धस्तर पर सफाई तथा राहत कार्य संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। फिलहाल ग्रामीण गांव में बिजली व्यवस्था बहाल होने और सरकारी मदद के पहुंचने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।












