नई दिल्ली, 12 जून।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी क्षेत्र के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में स्थित एक पांच मंजिला रिहायशी इमारत में गुरुवार रात हुए भीषण अग्निकांड ने एक ही परिवार को गहरा सदमा दे दिया। हादसे में मां, बेटे और बेटी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से झुलसकर अस्पताल में जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रही हैं।
पुलिस के अनुसार रात 2:31 बजे पीसीआर कॉल मिलने के बाद स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और राहत दल मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के बाद इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान पंकज (28), उनकी मां गुड्डी (50) और बहन सोनी (20) के रूप में हुई है।
परिवार की दो अन्य सदस्य, पंकज की बहन मोनी (18) और उनकी करीब 70 वर्षीय नानी, गंभीर रूप से झुलस गई हैं और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग क्षेत्र में खड़ी गाड़ियों में लगी थी। इसके बाद धुआं तेजी से ऊपर की मंजिलों तक फैल गया, जिससे कई लोग अंदर फंस गए।
दमकल विभाग के अनुसार पार्किंग में खड़ी तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल आग की चपेट में आ गई, जिससे पूरी इमारत में घना धुआं फैल गया और ग्राउंड से लेकर दूसरी मंजिल तक सबसे अधिक नुकसान हुआ।
राहत कार्य के दौरान संकरी गली और इमारत की संरचना के कारण टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने छत तक पहुंच बनाकर गेट काटा और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। कुछ लोगों को साड़ी के सहारे भी नीचे उतारा गया।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं। सुरक्षा मानकों और लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।













