कोलकाता, 12 जून।
पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज लगातार करवट ले रहा है। अलीपुर मौसम कार्यालय ने शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के विभिन्न हिस्सों में तेज आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है। कोलकाता समेत कई इलाकों में गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं, वहीं सात जिलों के लिए खास अलर्ट घोषित किया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो कोलकाता में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। ऐसी ही स्थिति हावड़ा, हुगली, 24 परगना, बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में बनी रहेगी। पश्चिम बर्धमान, बांकुड़ा, पुरुलिया, झाड़ग्राम और मेदिनीपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि वहां हवाओं की गति 50-60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
उत्तर बंगाल में मानसून की औपचारिक दस्तक हो चुकी है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में भारी बारिश की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, नमी के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार बादल आ रहे हैं। आने वाले दो-तीन दिनों में पूरे राज्य में मानसून के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो रहा है।
कोलकाता का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से कम है। उत्तर प्रदेश पर सक्रिय चक्रवाती तंत्र और मैदानी इलाकों में बनी अक्षीय रेखा के चलते पूरे बंगाल में खराब मौसम की स्थिति बनी हुई है।













