नई दिल्ली, 12 जून।
देश के मौसम में अगले कुछ दिनों के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं, जबकि मध्य और पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में लू का असर जारी रह सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में शनिवार दोपहर या शाम के समय तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 14 जून को आंधी-तूफान जैसी स्थिति बनने की संभावना भी व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 जून को आसमान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
आईएमडी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पश्चिम बंगाल, बिहार के कुछ हिस्सों, ओडिशा और झारखंड में आगे बढ़ चुका है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में शनिवार तक बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 13 से 16 जून के बीच विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना और पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में लू चलने की आशंका है। इसके साथ ही देश के कई हिस्सों में 13 से 18 जून के बीच मध्यम से भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि आने वाले दिनों में कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि 18 जून तक देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।













