लखनऊ, 12 जून।
दिल्ली में गुरुवार देर रात अचानक बदले मौसम और खराब दृश्यता के चलते विमान सेवाओं पर बुरा असर पड़ा। इस कारण दिल्ली की ओर जाने वाले तीन उड़ानों को मार्ग बदलकर लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। विमानों के सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को हवाई अड्डे पर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
दिल्ली में मौसम साफ होने के बाद ही विमानों को वहां के लिए रवाना किया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6 ई 1054 रात 12:18 बजे लखनऊ पहुंची और सुबह 7:56 पर वापस दिल्ली के लिए उड़ान भरी। इसी प्रकार, गुवाहाटी से आ रही इंडिगो 6 ई 6317 रात 12:26 बजे उतरी और तड़के 3:21 पर रवाना हुई। वहीं, नागपुर से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6 ई 6573 रात 12:42 बजे लखनऊ आई, जो सुबह 3:12 बजे अपने गंतव्य के लिए रवाना हो सकी।













