फतेहाबाद, 29 मई।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा के आह्वान पर शुक्रवार को फतेहाबाद डिपो में रोडवेज कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने विभाग और स्थानीय प्रबंधन पर देय भत्तों के भुगतान में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के उपरांत कर्मचारियों ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन महाप्रबंधक के माध्यम से परिवहन मंत्री को सौंपा।
कर्मचारी नेताओं हनुमान वर्मा, राजकुमार बीघड़, विजय नागपुर और हर्ष डारा ने बताया कि चालक और परिचालकों का रात्रि ठहराव भत्ता 1 नवंबर 2024 से, जबकि ओवरटाइम का भुगतान 1 जनवरी 2026 से लंबित पड़ा है। इसके अलावा कई कर्मचारियों की एलटीसी राशि का भी भुगतान नहीं हुआ है। नेताओं ने आरोप लगाया कि 5 नवंबर 2024 को परिवहन मंत्री अनिल विज द्वारा जारी सख्त आदेशों के बावजूद, स्थानीय प्रबंधन बजट की कमी या कैप का बहाना बनाकर भुगतान में देरी कर रहा है।
कर्मचारियों ने अपनी आर्थिक और मानसिक परेशानी पर रोष जताते हुए चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही भत्तों का समय पर भुगतान सुनिश्चित नहीं किया गया और बजट कैप की समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाला गया, तो सांझा मोर्चा के पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सभी मंडलों पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
















