भोपाल, 29 मई ।
भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को मध्य प्रदेश शासन की मंत्री कृष्णा गौर ने प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं विस्तार से सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया।
मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित और संवेदनशील समाधान सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान उन्होंने उनकी कठिनाइयों को समझते हुए भरोसा दिलाया कि प्रत्येक समस्या पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। जिन मामलों का तुरंत समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और आमजनों ने मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और त्वरित कार्रवाई के लिए सरकार के प्रयासों की सराहना की। कई लोगों ने मौके पर समाधान मिलने पर आभार भी व्यक्त किया।









