रांची, 06 जून।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे के तहत शनिवार को झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद यह उनका पहला झारखंड प्रवास है, जिसे प्रदेश में पार्टी संगठन को सशक्त बनाने की दिशा में काफी अहम माना जा रहा है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
रांची पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सबसे पहले भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल जाकर माल्यार्पण किया। इसके उपरांत उन्होंने समाजवादी चिंतक जननायक कर्पूरी ठाकुर और भाजपा के संगठन निर्माता कैलाशपति मिश्र की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इन कार्यक्रमों के बाद वे सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां कोर कमेटी के सदस्यों के साथ उनकी महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई।

इस संगठनात्मक बैठक में पार्टी का विस्तार करने, बूथ स्तर तक पकड़ मजबूत बनाने और आगामी सदस्यता अभियानों पर चर्चा की जा रही है। संगठन की मजबूती को ही चुनावी जीत की कुंजी मानते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राज्य में पार्टी के कामकाज को और अधिक धार देने की योजना बना रहे हैं। अपने प्रवास के दौरान वे प्रदेश के सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेताओं के साथ संवाद कर भविष्य की राजनीतिक दिशा तय करेंगे।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले दो दिनों तक विचार-विमर्श का दौर चलेगा, जिससे संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, चंपाई सोरेन, बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।














