धार, 11 जून।
भारतीय जनता पार्टी की मासिक जिला कामकाजी बैठक गुरुवार को धार जिला कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया और पूर्व में हुए कार्यक्रमों की समीक्षा भी की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके साथ ही केंद्रीय राज्य मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद सावित्री ठाकुर, जिला अध्यक्ष निलेश भारती तथा विधायक नीना वर्मा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित और युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने की दिशा में केंद्र सरकार ने व्यापक कार्य किए हैं, जिसके परिणामस्वरूप भारत वैश्विक स्तर पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है।
संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और बूथ संगठन है, जिसके आधार पर पार्टी लगातार सफलता प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है, जिससे देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में मंडल अध्यक्षों, मंडल प्रभारियों, विभिन्न कार्यक्रम संयोजकों और शक्ति केंद्र प्रमुखों से सीधा संवाद किया गया तथा संगठनात्मक गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की गई। ‘मन की बात’ कार्यक्रम सहित विभिन्न अभियानों की स्थिति पर भी चर्चा हुई और आगामी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।










