नई दिल्ली, 30 मई ।
फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर चल रहे विवाद के बीच निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने अभिनेता रणवीर सिंह के समर्थन में खुलकर बयान दिया है। उन्होंने फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज द्वारा रणवीर सिंह के खिलाफ जारी असहयोग के निर्देश पर आपत्ति जताई है।
राम गोपाल वर्मा ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इस फैसले को कठघरे में खड़ा किया और इसे फिल्म उद्योग या श्रमिक हितों के बजाय शक्ति प्रदर्शन का प्रयास बताया।
उन्होंने फेडरेशन को कानूनी अधिकारों से रहित संस्था बताते हुए इसे “कंगारू कोर्ट” की संज्ञा दी और कहा कि ऐसे अनुबंध संबंधी विवादों का निपटारा केवल न्यायालय में होना चाहिए, न कि किसी संगठन द्वारा एकतरफा निर्णय लेकर।
निर्देशक ने यह भी आरोप लगाया कि यह निर्णय कुछ प्रभावशाली लोगों के दबाव में लिया गया है और इसका उद्देश्य रणवीर सिंह पर अनावश्यक दबाव बनाना है।
उन्होंने कहा कि रणवीर सिंह जैसे कलाकार फिल्म उद्योग की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके जुड़ने से बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलता है।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब रणवीर सिंह ने कथित रूप से फिल्म ‘डॉन 3’ से खुद को अलग कर लिया, जिसके बाद निर्माताओं ने भारी वित्तीय नुकसान का दावा किया और मामला फेडरेशन तक पहुंचा, जहां से उनके खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया गया।




.jpg)






