नई दिल्ली, 03 जून।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने देश के तीन उच्च न्यायालयों में जजों की नियुक्ति के लिए कुल 10 नामों की अनुशंसा की है। यह निर्णय 2 जून को हुई कॉलेजियम बैठक में लिया गया, जिसमें विभिन्न उच्च न्यायालयों के लिए न्यायिक नियुक्तियों पर विचार किया गया।
कॉलेजियम ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के दो अतिरिक्त न्यायाधीशों को स्थायी न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की भी सिफारिश की है। यह कदम न्यायिक व्यवस्था में स्थायित्व और कार्यक्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके अलावा कर्नाटक उच्च न्यायालय के लिए छह नामों की अनुशंसा की गई है, जिनमें राघवेंद्र सीताराम श्रीवास्तव, हेमा कुलकर्णी, एस रंगाराव, टीपी विवेकानंद, बी प्रमोद और एचजीएस भूषण शामिल हैं।
मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के लिए एक नाम की सिफारिश की गई है, जिसके तहत अधिवक्ता अमित लाहोटी को जज के रूप में नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के लिए तीन नामों की अनुशंसा की गई है, जिनमें चिराग भानु सिंह, भूपेश शर्मा और योगेश जसवाल शामिल हैं।
कॉलेजियम ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीशों जस्टिस हरमीत सिंह ग्रेवाल और जस्टिस दीपिंदर सिंह नालवा को स्थायी जज बनाने की भी अनुशंसा की है।
यह सिफारिशें संबंधित उच्च न्यायालयों में न्यायिक कार्यों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा लंबित मामलों के निपटारे में तेजी लाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही हैं।










