भोपाल, 30 मई ।
ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, एजेंसी ने घटनाक्रम को दोबारा समझने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। अब सीबीआई आरोपी समरथ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह को उसी घर में ले जाकर पूरी घटना का पुनर्निर्माण कराएगी, जहां ट्विशा का शव फंदे से लटका मिला था।
सूत्रों के अनुसार जांच टीम समरथ और गिरिबाला को घटनास्थल पर ले जाकर यह स्पष्ट करने की कोशिश करेगी कि ट्विशा को फंदे से कैसे नीचे उतारा गया था। जांच में सामने आया है कि समरथ सिंह ने पूछताछ के दौरान दावा किया है कि उन्होंने ही ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा था, जबकि उनकी मां गिरिबाला सिंह ने उसके गले से गांठ खोली थी।
इसी बयान की पुष्टि के लिए सीबीआई 80 किलो वजनी डमी का उपयोग करेगी और उसी स्थान पर पूरी प्रक्रिया का पुनर्निर्माण कराएगी। जांच टीम यह भी देखेगी कि आरोपियों के बयान घटनास्थल की परिस्थितियों और फॉरेंसिक साक्ष्यों से कितने मेल खाते हैं। समरथ को यह भी दिखाना होगा कि उन्होंने किस तरह शव को नीचे उतारा था।
वहीं गिरिबाला सिंह से भी यह प्रक्रिया दोहराने को कहा जाएगा कि उन्होंने कैसे फंदे की गांठ खोली थी। साथ ही उस बेल्ट की मजबूती की भी जांच की जाएगी, जिसके जरिए कथित तौर पर फांसी लगाई गई थी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह कितना वजन सहन कर सकती है।
सीबीआई ने पहले ही गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा उनकी अग्रिम जमानत रद्द किए जाने के बाद की गई। अदालत ने उन्हें सीबीआई हिरासत में भेज दिया है और समरथ सिंह भी फिलहाल एजेंसी की हिरासत में हैं। दोनों को 2 जून तक रिमांड पर रखा गया है।
जांच एजेंसी पहले दोनों से अलग-अलग पूछताछ करेगी और बाद में आमने-सामने बैठाकर उनके बयानों का मिलान करेगी, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।











