गुवाहाटी, 29 मई।
बहुचर्चित जुबीन गर्ग हत्याकांड मामले में मुख्य आरोपित श्यामकानु महंत की जमानत याचिका पर शुक्रवार को गौहाटी उच्च न्यायालय में महत्वपूर्ण सुनवाई होगी। न्यायाधीश मिताली ठाकुरिया की अदालत में इस मामले की सुनवाई निर्धारित है, जहां आज जमानत याचिका पर अंतिम आदेश सुनाए जाने की प्रबल संभावना है।
यह इस मामले में तीसरी सुनवाई है, जिस पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं। गौरतलब है कि 22 मई को हुई पिछली सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता प्राण बोरा ने अपना पक्ष रखते हुए तर्क दिया था कि जुबीन गर्ग की मृत्यु कोई सुनियोजित हत्या नहीं, बल्कि एक आकस्मिक दुर्घटना थी। इसी दलील के आधार पर बचाव पक्ष ने आरोपित को जमानत दिए जाने की मांग की थी।
वहीं, आज होने वाली सुनवाई में सरकारी पक्ष पूरी तैयारी के साथ जमानत याचिका का कड़ा विरोध करेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार की ओर से अधिवक्ताओं की टीम के साथ असम के महाधिवक्ता देवजीत लोन सैकिया भी उच्च न्यायालय में उपस्थित रह सकते हैं।
जुबीन गर्ग हत्याकांड ने पूरे असम में हलचल मचा दी थी, ऐसे में अदालत का आज का फैसला काफी मायने रखता है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि गौहाटी उच्च न्यायालय श्यामकानु महंत की जमानत याचिका पर क्या निर्णय सुनाता है।











