न्यायपालिका
28 May, 2026

ट्विशा केस में रिटायर्ड जज सास गिरफ्तार, सीबीआई की बड़ी कार्रवाई

ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने लंबी पूछताछ के बाद मृतका की रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें आज अदालत में पेश किया जाएगा।

भोपाल, 28 मई ।

राजधानी भोपाल के चर्चित अभिनेत्री ट्विशा शर्मा मौत मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय से अग्रिम जमानत निरस्त होने के एक दिन बाद सीबीआई की टीम सुबह उनके भोपाल स्थित घर पहुंची और लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी ने घर के भीतर करीब सात घंटे तक गिरिबाला सिंह से गहन पूछताछ की। शाम लगभग 5:10 बजे सीबीआई ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया पूरी कराने की तैयारी शुरू कर दी गई।

बागसेवनिया थाना प्रभारी अमित सोनी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि कानूनी प्रक्रिया और डॉक्टरी जांच के बाद आरोपित पूर्व जज को आज ही अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कटारा हिल्स और बागसेवनिया थाना क्षेत्र का अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया है। घर के आसपास सुरक्षा के लिहाज से बैरिकेडिंग भी की गई।

गिरफ्तारी से पहले दिनभर चली जांच के दौरान सीबीआई ने डिजिटल फॉरेंसिक साक्ष्यों को जुटाने पर विशेष फोकस रखा। टीम ने गिरिबाला सिंह के घर और आसपास के क्षेत्र की हाई इंटेंसिटी थ्रीडी कैमरों से 360 डिग्री रिकॉर्डिंग की। साथ ही इलाके की भौगोलिक स्थिति और लोकेशन का तकनीकी परीक्षण भी किया गया, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना से जुड़ा कमरा या हिस्सा आसपास के मकानों की छत, खिड़की या बालकनी से दिखाई देता था या नहीं।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने निचली अदालत के आदेश को पलटते हुए गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने अपने 17 पृष्ठों के आदेश में मृतका के शरीर पर मिले संदिग्ध चोटों के निशान, प्रकरण की गंभीरता और जांच के शुरुआती चरण का हवाला देते हुए आरोपित को राहत देने से इनकार कर दिया था। इसी फैसले के बाद सीबीआई ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की।

इससे पहले मामले में ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है और वह 29 मई तक सीबीआई रिमांड पर है। संभावना जताई जा रही है कि जांच एजेंसी दोनों आरोपितों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है। उल्लेखनीय है कि 12 मई की रात कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा शर्मा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। इसके बाद 24 मई को दिल्ली एम्स की टीम ने भोपाल पहुंचकर दोबारा पोस्टमार्टम किया था। अब पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है।

|
आज का राशिफल

लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। कामकाज की व्यस्तता से सुख-आराम प्रभावित होगा। धर्म-कर्म के प्रति रुचि जागृत होगी। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। शुभांक-3-6-8

आज का मौसम

भोपाल

25° / 36°

Partly sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़