रांची, 29 मई।
उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े बहुचर्चित पेपर लीक मामले में शुक्रवार को अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में छह आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने विस्तृत जवाब दाखिल करने के लिए अदालत से अतिरिक्त समय की मांग की, जिसके बाद न्यायालय ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 1 जून की तिथि निर्धारित की है।
जमानत याचिका दायर करने वालों में विकास कुमार, आशीष कुमार और योगेश प्रसाद समेत कुल छह आरोपी शामिल हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, इनमें से तीन आरोपी कथित पेपर सॉल्वर गिरोह के एजेंट हैं, जिन पर परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने और सॉल्वर नेटवर्क संचालित करने का गंभीर आरोप है। पूर्व की सुनवाइयों में अनुसंधानकर्ता ने अदालत के समक्ष आरोपियों का आपराधिक इतिहास और केस डायरी प्रस्तुत की थी।
गौरतलब है कि यह मामला 11 अप्रैल की रात तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव से शुरू हुआ था, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक अर्धनिर्मित मकान में छापेमारी की थी। उस दौरान मौके से 166 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। तमाड़ थाना कांड संख्या 21/2026 के तहत दर्ज इस मामले में अब तक 150 से अधिक आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि पुलिस पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है।












