मौसम
06 Jun, 2026

झारखंड में जल्द दस्तक देगा मानसून, 10 जून तक तेज बारिश और हवाओं का येलो अलर्ट

झारखंड में प्री-मानसून सिस्टम के सक्रिय होने से 10 जून तक राज्यभर में गर्जन के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है और मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

रांची, 06 जून।

झारखंड में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य में मानसून के आगमन की प्रक्रिया तेज हो गई है और 10 जून तक राजधानी रांची सहित पूरे प्रदेश में गर्जन के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है। फिलहाल राज्य में प्री-मानसून सिस्टम पूरी तरह सक्रिय हो चुका है, जिसके असर से आसमान में घने बादल छाए हुए हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसून की प्रगति अरब सागर से होते हुए कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश तक पहुंच गई है। यह प्रणाली अब तेजी से पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ रही है, जिसके अगले तीन दिनों में वहां पहुंचने के आसार हैं।

इसके बाद मानसून का रुख झारखंड की ओर होगा। मौसम विभाग ने रांची और आसपास के क्षेत्रों के लिए 10 जून तक के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है, जिसमें 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की चेतावनी दी गई है।

पिछले 24 घंटों की स्थिति पर नजर डालें तो राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। डाल्टनगंज सबसे गर्म रहा, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, वहीं पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 50.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राजधानी रांची में शनिवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के अन्य शहरों के तापमान की बात करें तो जमशेदपुर में अधिकतम 37.8, बोकारो में 36.5 और चाईबासा में 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। उमस भरी गर्मी के बीच मानसून की सक्रियता ने किसानों और आम नागरिकों के लिए उम्मीद की किरण जगा दी है। विभाग लगातार बदलते मौसम पर नजर बनाए हुए है और लोगों को सुरक्षित रहने की सलाह दी है।

|
आज का राशिफल

कारोबारी काम में नवीन तालमेल और समन्वय बन जाएगा। स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। कर भला तो हो भला वाली कहावत याद रखें। किसी को हानी पंहुचाने की चेष्टा न करें अन्यथा हानि संभव है। धार्मिक कार्य में समय और धन व्यय होगा। कर्ज तथा रोगों से मुक्ति भी संभव है। इच्छित कार्य सफल होंगे। शुभांक-5-6-8

आज का मौसम

भोपाल

27° / 36°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़