पूर्वी सिंहभूम, 12 जून।
जिले के चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत जमुआ पंचायत के इंदबनी गांव के पास शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी के हमले में 60 वर्षीय काबुल मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीण भारी भय में जी रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, काबुल मुंडा किसी कार्यवश पैदल जा रहे थे, तभी इंदबनी जंगल के समीप उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें सूंड से उठाकर पटक दिया, जिससे वे बुरी तरह जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचित किया। वन विभाग की मदद से उन्हें अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम अस्पताल रेफर कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि इंदबनी जंगल क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तीन हाथियों का झुंड डेरा जमाए हुए है। इस कारण स्थानीय लोग खेतों में जाने या जंगल की ओर निकलने से भी डर रहे हैं। लोगों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को सुरक्षित स्थानों पर खदेड़ने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।














